प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने मंत्री से वार्ता कराने का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को चुप कराया था लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उच्च शिक्षा मंत्री अपनी कार में सवार होकर जाने लगे, तो विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उनके वाहन को दोबारा घेर लिया और वहीं वार्ता करने को कहा। मंत्री ने वार्ता करने के लिए उन्हें लोनिवि विश्राम गृह आने को कहा जबकि कार्यकर्ता मौके पर ही वार्ता की जिद करने लगे। कार्यकर्ताओें ने मंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी की।
अफरा-तफरी के बाद एसडीएम हर गिरी गोस्वामी और पुलिस ने मंत्री के वाहन को लोनिवि निरीक्षण भवन की ओर रवाना कराया। इसी बीच विरोध कर रहे कार्यकर्ता राजू यादव और भाजपा के जिला मंत्री मदन जोशी के बीच पुलिस के सामने मारपीट हो गई।
इसके विरोध में प्रदर्शनकारी विजेंद्र सिंह, प्रकाश जोशी, हिमांशु अग्रवाल, प्रखर मित्तल, हिमांशु रावत, पारस गोला, शुभम अग्रवाल, अंकित गुप्ता भड़क गये। जिला मंत्री जोशी ने बताया कि वह विहिप, बजरंग दल कार्यकर्ताओं की उच्च शिक्षा मंत्री से वार्ता कराने का प्रयास कर रहे थे। नारेबाजी के दौरान कार्यकर्ता अभद्रता करने लगे तो बर्दाश्त नहीं हो सका।