फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीजेपी विधायक चैंपियन पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित, तमंचों के साथ डांस करते वीडियो हुआ था वायरल 

Thu, 18 Jul 2019 12:24 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। उन्हें पार्टी से पहले ही निलंबित कर 20 जुलाई तक अपना जवाब दाखिल करने का समय दिया गया था। उनके जवाब दाखिल करने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। 

विज्ञापन


उत्तराखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जो कृत्य सामने आया था, वह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसके चलते ही पार्टी ने विधायक चैंपियन पर कार्रवाई की है। 

Trending Videos

ये था पूरा मामला

बता दें कि हाल ही में सोशल मीडिया पर विधायक चैंपियन का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में चैंपियन दोनों हाथों में हथियार लेकर साथियों के साथ नाचते, अश्लील शब्दों का प्रयोग करते और उत्तराखंड को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे थे।

उनके इस वीडियो ने दून से लेकर दिल्ली तक हलचल मचा दी। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से लेकर सभी दिग्गज नेताओं ने उनके इस वीडियो को शर्मनाक बताया। तभी से उन पर निष्कासन की कार्रवाई के लिए प्रक्रिया चल रही थी।



हालांकि कुछ दिनों पहले दिल्ली में पत्रकार को धमकाने के लिए पार्टी से तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था। लेकिन तमाम विरोध के बाद अब उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। 

तीन हथियार हो चुके निलंबित

हथियार लहराते हुए उत्तराखंड को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के तीन हथियारों के लाइसेंस को भी पहले से ही निरस्त कर दिए गया है। 

इसके साथ ही उन्हें 15 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह चौधरी के अनुसार, अगर 15 दिन में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो उनके हथियारों के लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे। 
विज्ञापन

चैंपियन के लिए अब सारे विकल्प खुले

भाजपा से निष्कासित होने के बाद खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के लिए अब सारे विकल्प खुले हैं। निष्कासन से उनकी विधानसभा सदस्यता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वे विधायक बने रहेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि पार्टी की सीमा में जो किया जाना संभव था, वो कर दिया गया है।

हालांकि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है लेकिन कांग्रेस ने चैंपियन की वापसी की संभावना से साफ इनकार किया है। अलबत्ता बहुजन समाज पार्टी ने ऐसे कोई संकेत नहीं दिए हैं। बसपा चैंपियन पर वेट एंड वाच की मुद्रा में है। सियासी हलकों में यह भी चर्चा है कि चैंपियन अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं। माना जा रहा है कि चैंपियन जल्द ही अपने पत्ते खोलेंगे।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें