98 फीसदी बोर्डों पर जीत
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। सहकारी समितियों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का शानदार प्रदर्शन रहा। पार्टी ने 98 फीसदी बोर्डों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया। कुल 39 सहकारी समितियों में से 38 में चुनाव हुए। सहकारिता मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने इस जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम बताया।
सहकारिता मंत्री के मुताबिक टिहरी के जौनपुर मगरा और हरिद्वार की लंढौर सहकारी समिति में भाजपा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। इन दोनों समितियों में 68 वर्षों बाद पहली बार पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित हुई। इसे सहकारिता क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, संचालक मंडल के लिए कुल 348 प्रतिनिधि चुने गए। इनमें 136 महिलाएं और 212 पुरुष शामिल हैं। अध्यक्ष पद के लिए 37 प्रतिनिधि चुने गए, जिनमें 16 महिलाएं थीं। उपाध्यक्ष पद के लिए 25 प्रतिनिधियों का चयन हुआ, जिनमें दो महिलाएं शामिल थी। इसके अलावा, अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले 418 प्रतिनिधियों का भी निर्वाचन हुआ।
-
ऊधमसिंह नगर में 111 प्रतिनिधि निर्वाचित
जिलेवार आंकड़ों में सर्वाधिक सफलता ऊधमसिंह नगर में देखने को मिली, जहां कुल 111 प्रतिनिधि निर्वाचित हुए। इसके बाद नैनीताल में 99, देहरादून में 51 और पौड़ी में 38 प्रतिनिधि चुने गए। सहकारिता मंत्री ने कहा, यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहकार से समृद्धि के मंत्र को साकार करने में मदद करेगी।