भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव में उतरने वाले 17 बागियों को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
नामांकन वापसी की डेडलाइन पूरी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने देर शाम निष्कासन के आदेश दिए। चुनाव के दौरान निर्दलियों की मदद करने वालों के खिलाफ भी पार्टी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
भाजपा ने गंगोत्री विधानसभा से निर्दलीय उतरे सूरत राम नौटियाल, केदारनाथ सीट से पूर्व विधायक आशा नौटियाल, घनसाली से धनीलाल शाह और प्रेमलाल त्रिकुटिया, नरेंद्रनगर से पूर्व विधायक ओमगोपाल रावत, प्रतापनगर सीट से राजेश्वर प्रसाद पैन्युली, सहसपुर सीट से लक्ष्मी अग्रवाल, ऋषिकेश से संदीप गुप्ता, खानपुर से रविंद्र पनियाला, लक्सर से कुशलपाल सैनी, चौबट्टाखाल से कविंद्र इष्टवाल, डीडीहाट से किशन सिंह भंडारी, रानीखेत से प्रमोद नैनवाल, नैनीताल से हेम आर्य, कालाढूंगी से हरेंद्र सिंह, जसपुर से सीमा चौहान और काशीपुर सीट से पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल को छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।
पार्टी इसके बाद चुनाव अभियान में इनका समर्थन करने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि अपनी पार्टी के खिलाफ ही निर्दलीय उतरना घोर अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। पार्टी संविधान के अनुसार ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।