उत्तराखंड में विधानसभा की 70 सीटों पर 51 उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद अब मैदान में 634 उम्मीदवार रह गए हैं। ये संख्या राज्य में अब तक हुए विधानसभा चुनावों में सबसे कम है। पिथौरागढ़, चमोली और चंपावत जनपद में एक भी नामांकन वापस नहीं हुआ है।
नामांकन वापसी के अंतिम दिन बुधवार को भाजपा और कांग्रेस ने अपने बागियों को मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन उनकी डैमेज कंट्रोल की कवायद सिरे नहीं चढ़ पाई। कांग्रेस अब भी नौ विधानसभा सीटों पर बगावत का सामना कर रही है तो भाजपा भी एक दर्जन सीटों पर बागियों को नहीं मना सकी है। चुनाव में उतरे 43 राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के बीच मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून की सहसपुर सीट से ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के प्रत्याशी अमित कुमार गर्ग और निर्दलीय रमेश चंद ने, धर्मपुर से निर्दलीय सुदेश ईष्टवाल, देहरादून कैंट से रोहित अरोड़ा व राजेंद्र सिंह धवन ने और ऋषिकेश से विजयपाल ने नाम वापस लिया।
हरिद्वार से तार्किक मित्तल, मुकेश कौशिक ने, झबरेड़ा में जितेंद्र कुमार ने, पिरानकलियर में मौ. अफजल अली ने, रुड़की में मनीषा बत्रा व विपुल अग्रवाल ने, खानपुर में अतुल सिंह पुंडीर व शारिक अहमद ने, मंगलौर में कुलदीप व सरिता ने, लक्सर में प्रीति देवी व विनीत कुमार सैनी ने नाम वापस लिया।
पौड़ी की यमकेश्वर सीट से भाजपा की बागी विजय बड़थ्वाल भी मैदान से हट गईं। श्रीनगर से शिव सिंह व चौबट्टाखाल से राष्ट्रीय लोक दल के यशपाल सिंह नेगी ने पर्चा वापस लिया। रुद्रप्रयाग से गजेंद्र सिंह पंवार व चिंरजी प्रसाद मैदान से हट गए। अल्मोड़ा की द्वारहाट में महेश लाल व भगवती देवी व रानीखेत में हिमानी नैनवाल ने नामांकन वापस लिया। बागेश्वर की कपकोट सीट से कांग्रेस के बागी उमेद सिंह मजीला और बागेश्वर से रंजीत कुमार दास ने मैदान छोड़ दिया। नैनीताल में निर्दलीय जरयाब सिद्धीकी, कालाढूंगी से अफजाल व रामनगर से सपा के फारूख खां ने नाम वापस लिया।
ऊधमसिंह नगर की किच्छा व गदरपुर सीट से कांग्रेस की बागी शिल्पी अरोड़ा ने नाम वापस लिया। जसपुर से निर्दलीय विनय रोहेला, काशीपुर से सपा के इंद्र सिंह व असरार अहमद, बाजपुर से मंगत सिंह, सितारगंज से भावतोश, नवनीत कौर व दीपक कुमार व खटीमा से विक्रम चंद ने नाम वापस लिया। उत्तरकाशी की यमुनोत्री से गजेंद्र सिंह व रमेश सिंह रावत ने, गंगोत्री से मानवेंद्र सिंह रावत व राष्ट्रीय लोक दल के रामप्रकाश भट्ट मैदान से हटे। नई टिहरी की घनसाली सीट से एनसीपी के विजयपाल, टिहरी से निर्दलीय भारत सिंह रावत व धनोल्टी से राजाराम डोभाल ने पर्चा वापस लिया।
जनपद - नामांकन वापसी
ऊधमसिंह नगर - 10
उत्तरकाशी - 4
टिहरी - 3
चंपावत - कोई नहीं
पिथौरागढ़ - कोई नहीं
पौड़ी - 3
रुद्रप्रयाग - 2
बागेश्वर - 4
चमोली - कोई नहीं
देहरादून - 6
हरिद्वार - 12
अल्मोड़ा - 3
नैनीताल - 3
नोट: शिल्पी अरोड़ा ने गदरपुर और किच्छा से नामांकन वापस लिया।
भाजपा कद्दावर बागी हैं मैदान से
रानीखेत में प्रमोद नैनवाल
काशीपुर में राजीव अग्रवाल
नरेंद्रनगर में ओमगोपाल रावत
केदारनाथ में आशा नौटियाल
गंगोत्री में सूरत राम नौटियाल
डीडीहाट में किशन भंडारी
प्रतापनगर में राजेश्वर पैन्युली
देवप्रयाग से दिवाकर भट्ट
कांग्रेस कद्दावर बागी मैदान से
सहसपुर में आर्येंद्र शर्मा
धनोल्टी में मनमोहन मल्ल
देवप्रयाग में शूरवीर सिंह सजवाण
यमकेश्वर में रेनू बिष्ट
ज्वालापुर में बृजरानी
रुद्रप्रयाग में प्रदीप थपलियाल
भीमताल में राम सिंह केड़ा
इस विस चुनाव में सबसे कम प्रत्याशी
2002- 927
2007 -785
2012 - 788
2017- 634