भाजपा प्रदेश मुख्यालय देहरादून में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के जनता मिलन कार्यक्रम में ट्रांसपोर्टर प्रकाश पांडे के जहर खाने की खबर जैसे ही मिली, उनके जानने वाले लोग काठगोदाम स्थित आवास की ओर दौड़ पड़े। उनकी पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश भी पहुंचीं और घर वालों को ढाढ़स बंधाया।
प्रकाश पांडे काठगोदाम नई कालोनी तल्ला निवासी कैप्टन सुनील कुमार थापा के मकान में करीब 16 साल से किराए पर परिवार के साथ रह रहे हैं। माता-पिता छोटे बेटे ललित के साथ नई बस्ती काठगोदाम में रहते हैं। छोटे भाई ललित सुशीला तिवारी अस्पताल में कार्यरत हैं। पिता काठगोदाम रोडवेज के पास परचून की दुकान करते हैं। शनिवार दोपहर पहले कई लोगों के फोन घनघनाए कि प्रकाश पांडे ने जनता मिलन कार्यक्रम कार्यक्रम में जहर खा लिया है।
इसके बाद मुख्यमंत्री के ओएसडी से उनकी बातचीत का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद कई लोग उनके घर पहुंच गए। उनकी पत्नी कमला, बेटी भूमि और बेटा मोहित रो रहे थे। पत्नी बार-बार फोन कर प्रकाश का हाल जान रही थीं।
इस बीच नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश और मंडी परिषद के अध्यक्ष सुमित हृदयेश भी वहां पहुंच गए। इंदिरा ने देहरादून के सीएमओ और सीएमएस के बात कर प्रकाश के इलाज के बारे में जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि प्रकाश की हालत स्थिर है। काठगोदाम पुलिस भी प्रकाश की पत्नी कमला से पूछताछ करने के लिए पहुंची।