बर्ड फ्लू को लेकर चिकन और अंडों की दुकान पर भी खाद्य सुरक्षा अभिकरण विभाग की नजर है। इसे लेकर विभाग जांच भी कर रहा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्देश के बाद देहरादून जिला सुरक्षा अभिकरण ने भी सभी खाद्य निरीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
साथ ही लोगों को कच्चा और आधा पका चिकन या अंडा न खाने की सलाह दी है। खाद्य सुरक्षा अभिकरण विभाग के जिला अभिहित अधिकारी जीसी कंडवाल ने बताया कि अधपके मांस और अंडों को खाने से बचें।
इन उत्पादों को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं। 70 डिग्री सेल्सियस पर यह वायरस निष्क्रिय हो जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी स्पष्ट कर चुका है कि कोई भी खाद्य पदार्थ जो अच्छी तरह से धोया और पकाया जाता है, सुरक्षित है। यह वायरस के वाहक के रूप में काम नहीं करता है।