जोरदार विरोध के बावजूद देहरादून के डीएवी कॉलेज में शिक्षकों की दिन में दो बाद हाजिरी की व्यवस्था 20 जनवरी से लागू होने जा रही है।
बायोमीट्रिक मशीनें लगाई
शुरुआत में हाजिरी के लिए अलग शीट जारी की जाएगी, जबकि फरवरी से बोयोमीट्रिक मशीनों के जरिये यह काम होगा। डीएवी कॉलेज प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन ने बताया कि छह दिसंबर 2013 को जारी हुए शासनादेश के तहत कालेज में तीन बायोमीट्रिक मशीनें लगाई जा रही हैं।
इनमें एक प्राचार्य कार्यालय के पास, दूसरी मुख्य कार्यालय में और सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों के लिए मास कम्यूनिकेशन विभाग में तीसरी मशीन लगाई गई है। हालांकि 20 जनवरी से सभी विभागों को उपस्थिति के लिए अलग शीट दी जाएगी, लेकिन फरवरी माह से पूरी प्रक्रिया केंद्रीयकृत हो जाएगी।
कॉलेज में व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए आठ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं, जिनकी संख्या बाद में बढ़ाई जाएगी।
18 तक जमा करें परीक्षा फार्म
डीएवी कॉलेज में परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 18 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। इस संबंध में बुधवार को पट्टू ग्रुप ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा था।
प्राचार्य डा. भसीन ने बताया कि छात्र हित के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में जितेंद्र कुमार रिंकू, मयंक खंडूरी, दिव्यांशु भंडारी, गोविंद सिंह, उत्कर्ष उनियाल, अंकित भारद्वाज, शुभम ठाकुर, राजेश, सलमान आदि शामिल थे।