उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली से शुरू हुई बाइक रैली में शामिल विभिन्न प्रांतों के बाइकर्स चीन सीमा तक जाने के बाद उत्तरकाशी लौट आए हैं। बाइकर्स ने अनुभव साझा करते हुए पर्यटन एवं तीर्थाटन के लिए उत्तराखंड को पूरी तरह सुरक्षित बताया।
चीन सीमा तक पहुंचे बाइक से
वेयर इगल्स डेयर एवं होटल एसोसिएशन की ओर से उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित बाइक रैली 20 सितंबर को दिल्ली से शुरू हुई, जो हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी होते हुए चीन सीमा लगे पीडीए तक पहुंचने के बाद मंगलवार को उत्तरकाशी लौट आई है।
उत्तरकाशी जिला कार्यालय सभागार में बाइकर्स का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद रैली में शामिल बाइकर्स ने अपने अनुभव साझा किए।
सदस्यों ने बांटे अनुभव
सदस्यों का कहना था कि उत्तराखंड पर्यटन एवं तीर्थाटन के लिए पूरी तरह से सुरक्षित है। पर्यटकों को प्राकृतिक नजारों का दीदार करने के लिए यहां आना चाहिए। वेयर इगल्स डेयर के संचालक तिलक सोनी एवं होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरी ने बताया कि गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
पीडीए से तिब्बत के पठार का विहंगम नजारा पर्यटकों को आकर्षित करता है। इस दौरान बाइकर्स ने सीमा पर तैनात जवानों एवं अधिकारियों से भी मुलाकात कर भविष्य में वहां भव्य कार्यक्रम करने का वादा किया।