राजपुर रोड पर शुक्रवार रात नशे में धुत्त बाइक सवार प्रेमी-युगल की मनमानी राहगीरों पर भारी पड़ गई। प्रेमी-युगल की बाइक लहराकर एक विक्रम से टकरा गई। हादसे में बाइकसवार युगल के अलावा विक्रम में सवार कई यात्री भी जख्मी हो गए।
घटना एनआईवीएच के पास शुक्रवार रात हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटर साइकिल सवार युवक-युवती नशे में धुत्त थे और बेतरतीब ढंग से बाइक चला रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे विक्रम से भिड़ गई। अचानक हुई टक्कर से विक्रम सवार कई यात्रियों को भी चोटें आईं।
जाखन निवासी नीतू आर्य के सिर में चोट लगी। इसके बाद अनियंत्रित बाइक साइड से निकल रही कार से टकरा गई। कार से टकराने के बाद बाइकसवार युवक और युवती उछलकर सड़क पर गिर पड़े।
हेलमेट न पहनने के कारण दोनों के सिर में काफी चोटें लगीं। हादसे के मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। राहगीरों की मदद से घायल-युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।