विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हनुमान मंदिर के पास बीते सोमवार को बाइक और कार की टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। एक युवक ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में बाइक सवार राजकुमार (26) पुत्र कृष्ण कुमार निवासी आरके पुरम 12 केडी रोड नई दिल्ली वर्ष और विजय सिंह (27) पुत्र प्रेम बहादुर निवासी 126 111ए केडी कॉलोनी सेक्टर 12 आरके पुरम नई दिल्ली घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल देहरादून में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान घायल राजकुमार ने दम तोड़ दिया। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि पटेलनगर पुलिस की ओर से सूचना मिलने पर दुर्घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि दोनों युवक ऋषिकेश से किराए पर बाइक लेकर आए थे। दोनों चकराता घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।