फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जान हथेली पर रख ये करते हैं हैरतअंगेज स्टंट

Tue, 09 Dec 2014 08:12 AM IST
दिवाकर नेगी/ अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
स्टंट बाइकिंग, यह नाम सुनते ही आंखों के सामने सड़कों पर तेज रफ्तार में आड़ी-तिरछी बाइक दौड़ाते, हुड़दंग मचाते युवा घूमने लगते हैं। लेकिन अगर स्टंट बाइकिंग ही युवाओं का कॅरियर बन जाए तो?
विज्ञापन


जी हां, स्टंट बाइकिंग देहरादून के कुछ युवाओं का शौक और कमाई का जरिया भी है। एवल्यूशन नाम से बनाए स्टंट बाइकर ग्रुप से जुड़े इन युवाओं का नाम है अंकित भास्कर, अनिरुद्ध, आयुष राणा, विशाल राणा, तुषार शर्मा और करन कुमार।

राजधानी के नामी संस्थानों में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे ये युवा हर सुबह छह बजे कारगी चौक के पास फैक्ट्री के लिए बनाए गए एक खंडहरनुमा भवन में जुटते हैं। इसके बाद करीब एक-डेढ़ घंटे तक सभी अपनी-अपनी स्कूटी पर स्टंट की प्रैक्टिस करते हैं।
विज्ञापन


खास बात यह है कि अब तक तीन नेशनल लेवल कांटेस्ट में जा चुका ग्रुप ख्याल रखता है कि उनकी वजह से किसी को परेशानी न हो। ये युवा कहते हैं कि स्टंट बाइकिंग विदेशों में प्रचलित साहसिक खेल है।

भारत में भी यह उभर रहा है, लेकिन लोग इसे अपराध से जोड़ते हैं। उनका कहना है कि यह सोच बदलकर युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलें तो भारत इस खेल में भी दम दिखा सकता है।

परिवार का मिला साथ

ग्रुप के सदस्य बताते हैं कि शुरुआत में परिवार वाले हादसों के डर और स्कूटी के मॉडिफिकेशन पर होने वाले खर्च से उनके स्टंट करने पर सवाल उठाते थे।

लेकिन ग्रुप ने स्टंट शोज में शिरकत शुरू की और हुनर के दम पर 15-20 हजार रुपए प्रति शो कमाने लगे तो परिवार उनके शौक का सम्मान करने लगा। हालांकि, सबके अभिभावकों की यह ताकीद भी है कि स्टंट करें लेकिन इससे किसी को नुकसान नहीं होना चाहिए।

सुरक्षा का पूरा ध्यान
स्टंट बाइकिंग के दौरान ग्रुप के सदस्य सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखते हैं। खास तरह की जैकेट, ग्लब्स, आईएसआई मार्क हैलमेट, लैग गार्ड पहनकर ही स्कूटी चलाई जाती है।

मॉडिफाई की है स्कूटी
स्टंट बाइकिंग के लिए इन युवाओं ने अपनी स्कूटियों को मॉडिफाई करवाया हुआ है। बॉडी पर आगे, पीछे लोहे के सपोर्टर लगाए गए हैं, जो स्कूटी के अगले या पिछले पहिये पर उठने के दौरान इसे पलटने से बचाते हैं। स्कूटी के शॉकर भी बदलवाए गए हैं, ताकि ये हवा से जमीन पर टकराने के दौरान तेज झटकों को आसानी से सह सके।

उपलब्धियां
- एवोल्यूशन ग्रुप ने 2013 में पंजाब की एलपीयू यूनिवर्सिटी में प्रतिभाग किया था
- 2013 में ही राजस्थान के जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में की शिरकत
- 2014 में नोएडा में एक्सट्रीम ड्रिफ्टिंग लीग (एक्सडीएल) में प्रथम पुरस्कार
- फरवरी 2015 में गोआ में होने वाले शो में जाने की चल रही है तैयारी

भाती हैं नॉन गियर स्कूटी

एवोल्यूशन ग्रुप के सदस्यों को स्टंट के लिए बाइक से ज्यादा नॉन गियर स्कूटी भाती हैं। उनका कहना है कि बाइक ज्यादा भारी होने से इनमें स्टंट करना खतरनाक होता है।

इसके अलावा स्पीड पर अचानक गियर बदलना, ब्रेक लगाना कई बार मुश्किल हो जाता है। इसके बजाय स्कूटी में सारा कंट्रोल हाथों पर होने से इसके रपटने या गिरने पर पैरों से संभलना आसान होता है।

यह हैं स्टंट
बेसी विल्ली: स्कूटी को पिछले पहिये पर उठाना
एस सर्किल: तंग स्पेस में स्कूटी से अंग्रेजी का एस अक्षर बनाना
पोडियम सर्किल: एक पैर स्कूटी के हैंडल पर और दूसरा सीट पर
फ्री स्टाइलिंग: दो या तीन स्कूटी सवारों का एक-दूसरे की ओर तेजी से आना और उछलकर दूसरी ओर निकलना
ड्रिफ्टिंग: तेज रफ्तार स्कूटी को पिछले ब्रेक लगाकर इस तरह स्लिप (ड्रिफ्ट) करना कि वह मनचाही दिशा की ओर घूम जाए
नो थ्रोटल सर्किल: चालक स्कूटी को एक हाथ से चलाता है, स्पीड फिक्स कर ली जाती है इसके बाद चालक सीट पर खड़ा होकर दाहिना हाथ पिछले ब्रेक पर रखता है, हल्के-हल्के ब्रेक लगाकर स्पीड कंट्रोल करते हुए सर्किल बनाया जाता है
विज्ञापन

खास है कैप्टन अमेरिका

इन युवाओं ने अपने सबसे खास स्टंट को नाम दिया है कैप्टन अमेरिका। इस स्टंट में स्कूटी सवार तेज रफ्तार पर स्कूटी को उछालकर पिछले पहिये पर खड़ा कर लेता है।

इसके बाद वह खुद भी सीट से उछलकर पैरों को हवा में पीछे की ओर धकेलता है। दोनों हाथ स्कूटी के हैंडल पर रहते हैं। काफी दूरी तक स्कूटी इसी तरह चलती है। इस दौरान स्कूटी और सवार की स्थिति अंग्रेजी के 7 अंक की तरह लगती है।

ग्रुप के नियम
- स्टंट बाइकिंग की प्रैक्टिस सिर्फ सुबह की जाती है
- स्टंट का अभ्यास हमेशा सुनसान जगह पर किया जाएगा
- हमेशा ध्यान रखा जाता है कि किसी को उनसे दिक्कत न हो
- बाजार में या ट्रैफिक वाली सड़कों पर स्पीड धीमी रखी जाती है
- बाजार या भीड़भाड़ वाली जगह पर स्टंट नहीं किया जाएगा

प्रमुख बिंदु
20 हजार रुपए तक हो जाती है एक शो से कमाई
1000 रुपए हर सप्ताह बाइक की मेंटेनेंस पर आता है खर्च
12000 रुपए तक का खर्च आता है सेफ्टी इंस्ट्रूमेंट्स खरीदने में
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें