वर्तमान में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाएं 90 फीसदी से अधिक आधार लिंक हो गई हैं। इनमें वृद्धावस्था के भी 47 हजार से ज्यादा लाभार्थियों ने अपना पेंशन खाता भी आधार से लिंक कराया है। इन दिनों केंद्र सरकार के पोर्टल पर आधार से लिंक किए वृद्धावस्था पेंशनधारकों की जांच की जा रही है।
इसी जांच में पकड़े जाने पर दो सौ पेंशनधारकों पर कार्रवाई की गई है। विभाग के अनुसार यदि परिवार में पति व पत्नी दोनों वृद्ध हैं तोे सिर्फ एक ही व्यक्ति को वृद्धावस्था पेंशन दिए जाने का प्रावधान है।
बैंक को भेजी सूची
फर्जी वृद्धावस्था पेंशन का मामला पकड़े में आने के बाद समाज कल्याण विभाग ने अपात्र लोगों की सूची संबंधित बैंकों को भी भेजी है। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग ने बैंक से दोहरा लाभ लेने वालों का पूरा ब्योरा मांगा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह है नियम
सरकार के नियमों की ओर ध्यान दें तो यदि परिवार में पति व पत्नी दोनों वृद्ध हैं तो विभाग की ओर से सिर्फ एक ही व्यक्ति को पेंशन जारी की जाएंगी। यदि दोनों व्यक्ति पेंशन ले रहे हैं तो वह नियमानुसार गलत है। हर माह पेंशन के तौर पर एक हजार रुपये मिलते हैं।
आधार कार्ड से लिंक होने के बाद केंद्र सरकार के पोर्टल के माध्यम से इन अपात्र पेंशनधारकों का खुलासा हुआ है। इसके बाद सभी अपात्रों की पेंशन निरस्त कर दी गई है। रिकवरी के बाबत शासन से जो निर्देश प्राप्त होंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
--अनुराग शंखधर, जिला समाज कल्याण अधिकारी