भराड़ीसैंण में राज्य स्थापना दिवस पर यहां विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और पर्यटन मंत्री अमृता रावत विधानसभा भवन सहित अन्य भवनों के लिए भूमि पूजन करेंगे।
अधिकारियों ने लिया जायजा
डिप्टी स्पीकर डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी और गढ़वाल सांसद सतपाल महाराज भी मौजूद रहेंगे। शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर व एसडीएम ने भराड़ीसैंण में तैयारियों का जायजा लिया। सन 1978 में भराड़ीसैंण में स्थापित विदेशी पशु प्रजनन प्रक्षेत्र एशिया में अपने तरीके का पहला संस्थान था। इस प्रक्षेत्र के लिए डेनमार्क से आयतित जर्सी गाय मंगाई गई, जिससे स्थानीय नस्ल की गायें पैदा करने की योजना थी।
डेनमार्क से की थी तुलना
वर्ष 1975 में सीएम के रूप में हेमवती नंदन बहुगुणा ने भराड़ीसैंण की तुलना डेनमार्क से करते हुए कहा था कि यहां पशुपालन का बड़ा संस्थान व अनुसंधान केंद्र बनना चाहिए। उनके सपने को आगे बढ़ाते हुए तत्कालीन उच्च शिक्षा मंत्री डा. शिवानंद नौटियाल ने भराड़ीसैंण में विदेशी पशु प्रजनन प्रक्षेत्र स्थापित किया।
परवाड़ी, मरोड़ा, सारकोट व चोरड़ा वन पंचायतों की 500 एकड़ भूमि में स्थापित इस विदेशी पशु प्रजनन प्रक्षेत्र के 100 एकड़ भूमि में विधानसभा भवन सहित अन्य संबंधित भवनों का निर्माण होना है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के मौजूद न होने से लोगों में कुछ मायूसी भी है।