युवक की मौत के बाद हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अभी दो लोग पकड़ से बाहर है, उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए हैं। मारपीट में घायल युवक की मौत होने के बाद कई संगठन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आगे आए हैं। बुधवार को भीम आर्मी के करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने कैंपटी थाने का घेराव किया।
पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे सरकार
भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो भीम आर्मी उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देनी की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी शर्मनाक घटना होने के बावजूद सीएम पीड़ित परिवार को सांत्वना देने नहीं पहुंचे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और कुछ लोग मामला रफा-दफा करने के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपाध्यक्ष मुन्नी लाल, दीपक सेठ, अमरेश कपिल, सोनू लाठी, संजय कीर्ति, ललित कुमार, पूर्ण सिंह आदि मौजूद थे।