देहरादून ट्रक ऑपरेटर्स ने भी किसानों के समर्थन में भारत बंद को अपना समर्थन दे दिया है। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष कुलतारन सिंह अटवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। मंगलवार को ट्रकों का संचालन नहीं किया जाएगा।
कुलतारन सिंह ने कहा कि मंगलवार को किसान संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। उन्होंने उत्तराखंड के ट्रक ऑपरेटर्स के उपाध्यक्ष अनुसूया प्रसाद उनियाल , महासचिव आदेश सैनी एवं प्रदेश प्रवक्ता अशोक ग्रोवर से आग्रह किया कि वह भी किसानों के भारत बंद को समर्थन दें।
प्रदेश में ट्रकों के व्यावसाय को एक दिन के लिए स्थगित रखें। मंगलवार को ट्रांसपोर्ट नगर में सभी ट्रांसपोर्ट ऑफिस, स्पेयर पार्ट्स की दुकान, मिस्त्री भी अपनी दुकानें बंद रखेंगे। शांतिपूर्वक प्रदर्शन करेंगे। बैठक में दीपक अग्रवाल, शिव कुमार गुप्ता, अमन रंधावा, जितेंद्र सिंह रंधावा, दलवीर सिंह कलेर, सरदार जसविंदर सिंह, शाहिद हुसैन, योगेश गंभीर, राजेंद्र धवन, हिमेश भटनागर, अशोक कुमार, राजेंद्र सिंह बिट्टू, सरदार सुरजीत सिंह, सरदार गुरप्रीत सिंह, मधुसूदन बलूनी आदि मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने भी किए पुख्ता बंदोबस्त
किसानों के आंदोलन के तहत मंगलवार को आहूत भारत बंद को लेकर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर देहरादून जिला प्रशासन ने भी पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने जिले के सभी अपर जिला अधिकारी, उप जिलाधिकारियों और नगर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
जिला अधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को जबरन किसी प्रतिष्ठान या परिवहन के साधनों को बाधित नहीं करने दिया जाएगा। कोई अगर स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान या वाहनों का संचालन बंद रखता है तो यह उनकी स्वेच्छा होगी। इसके अलावा अगर किसी ने भी जबरन किसी प्रतिष्ठान या वाहन आदि को बाधित करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।