नैनीताल हाईकोर्ट के निर्देश पर आवास खाली करने का नोटिस मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने न्यू कैंट रोड स्थित अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। वह अब क्रॉस रोड पर किराए के मकान में रहेंगे।
हालांकि अभी इस संबंध में उन्होंने राज्य संपत्ति विभाग को अवगत नहीं कराया है। सोमवार को इस बारे में विभाग को अवगत करा सकते हैं। कोश्यारी इस आवास में वर्ष 2000 से रह रहे थे। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी पूर्व मुख्यमंत्रियों को सरकारी आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इसके खिलाफ रूलक संस्था की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जिस पर अभी सुनवाई चल रही है। सुनवाई के दौरान ही कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्रियों से आवास खाली कराने की कार्रवाई के बारे में राज्य सरकार से पूछा था।
इसके बाद राज्य संपत्ति विभाग ने प्रदेश के पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों एनडी तिवारी, भगत सिंह कोश्यारी, बीसी खंडूड़ी, रमेश पोखरियाल निशंक और विजय बहुगुणा को 16 दिसंबर तक सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भेजा था।