I
I-क्रिसमस की छुट्टी ने वीकेंड को बनाया खास, कारोबारियों के खिले चेहरेI
क्रिसमस और नए साल से पहले प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार होने लगे हैं। दिन प्रति दिन बढ़ती पर्यटकों की संख्या से कारोबारियों के चेहरे भी खिलने लगे हैं। उधर कल (सोमवार) क्रिसमस की छुट्टी ने सैलानियों के वीकेंड को खास बना दिया है। इस कारण शनिवार को शहर की सड़कों पर जाम देखने को मिला।
देहरादून समेत मसूरी, चकराता, ऋषिकेश के साथ ही प्रदेश भर के पर्यटन स्थलों में सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी हुई है। क्रिसमस से पहले पर्यटकों का उत्तराखंड आने का सिलसिला नए साल के पहले सप्ताह तक जारी रहने की उम्मीद है। जिसके चलते पर्यटन स्थल के होटल में कार्यक्रम आयोजित होने भी शुरू हो गए।
हर साल पर्यटक बड़ी संख्या में क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए पहाड़ों की रानी मसूरी समेत अन्य हिल स्टेशन का रुख करते हैं। मसूरी के होटल कारोबारी विक्रांत गुप्ता व ऋषिकेश के कारोबारी विक्रम अहलूवालिया ने बताया क्रिसमस के लिए 70 फीसदी एडवांस बुकिंग हो गई है। आने वाले दिनों व नए साल को लेकर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
Iपर्यटकों की संख्या बढ़ने से बनी जाम की स्थितिI
पर्यटकों की संख्या बढ़ने से शनिवार को दून से लेकर मसूरी तक दिन भर में कई बार जाम की स्थिति बनी। हालांकि चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए काम करते नजर आए। वीकेंड और 25 दिसंबर की छुट्टी के चलते दिन भर मसूरी डाइवर्जन, बह्मकमल चौक, दिलाराम चौक, एस्लेहॉल चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, सहारनपुर चौक, रेलवे स्टेशन चौक, माजारा चौक, आईएसबीटी चौक पर कई बार जाम की स्थिति देखने को मिला। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। उधर गुच्चू पानी पर्यटन स्थल के कारोबारी राजीव गुरुंग ने बताया शनिवार को सैलानियों की संख्या में इजाफा होने से अच्छा कारोबार हुआ। आने वाले दिनों में भी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।