आईएसबीटी से घंटाघर सड़क का सौंदर्यीकरण होगा। अतिक्रमण हटाने के बाद अब सड़क किनारे फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। ताकि पैदल यात्री बिना किसी दिक्कत के आ-जा सकें। इसके लिए लोक निर्र्माण विभाग ने बुधवार को सात करोड़ रुपये की राशि मंजूरी कर दी है।
जबकि आठ करोड़ रुपये की राशि एमडीडीए, नगर निगम और एनएचएआई द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। पंद्रह करोड़ की राशि से आईएसबीटी से घंटा तक सड़क और फुटपाथ को चकाचक किया जाएगा। इस बात की जानकारी प्रदेश के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने दी।
गौरतलब है कि कौशिक के निर्देश पर आईएसबीटी से घंटा घर तक सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान चलाया गया है। कौशिक ने इस सड़क पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए निरंजनपुर फल-सब्जी मंडी और आढ़त मंडी के साप्ताहिक अवकाश में बदलाव लाने का भी निर्देश दिया है।
उनके निर्देश पर व्यापारियों और अधिकारियों की कई दौर की बैठक भी हो चुकी है। कौशिक ने बताया कि आईएसबीटी से घंटा घर तक की सड़क को जाम मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए सड़क पर अनावश्यक कट को बंद किया जाएगा। भारी वाहनों की एंट्री को निर्धारित पाबंदी का कड़ाई का पालन कराया जाएगा।
जहां-जहां भी सड़क खराब है उसकी मरम्मत कराई जाएगी। सड़क की बैरिकेटिंग कराई जाएगी और दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। ताकि पैदल चलने वाले को किसी तरह की परेशानी ना हो।