देश के लिए अपनी जिंदगी कुर्बान करने वाले शहीद मोहन चंद्र शर्मा का इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है कि उनकी प्रतिमा को भी मरणोपरांत सम्मान नहीं मिला।
चर्चित बटला हाउस कांड में शहादत देने वाले दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर मोहन चंद्र शर्मा की कपडे़ से बंधी प्रतिमा डेढ़ साल से अनावरण का इंतजार कर रही है, लेकिन संवेदनशून्य व्यवस्था में किसी को प्रतिमा से कपड़ा हटाने की फुर्सत नहीं।
दिल्ली पुलिस के जांबाज इंस्पेक्टर चौखुटिया तहसील के तिमिलखाल (आदिग्राम कनौणियां) निवासी मोहन 2008 में बाटला हाउस कांड में आतंकवादियों की गोली का निशाना थे, लेकिन जान देने से पहले उन्होंने कई आतंकवादियों को भी मार गिराया था।
इसीलिए उन्हें अशोक चक्र, वीरता और राष्ट्रपति पदक मिला था। 13 सितंबर 2008 को दिल्ली में सीरियल ब्लास्ट के छह दिन बाद 19 सितंबर को जामिया नगर के बटला हाउस में श्री शर्मा ने दो आतंकियों का एनकाउंटर किया था।
इस आपरेशन को देश ने भले जीत लिया, लेकिन एक वीर चला गया। अपनी नौकरी में सात बार वीरता पुरस्कार पाने वाले शहीद शर्मा के पैतृक गांव तिमिलखाल में राज्य सरकार ने मरणोपरांत शहीद स्मारक बनवाया।
रटे-रटाए भाषणों में शहीदों के योगदान की तारीफे
करीब डेढ़ साल पहले उनकी प्रतिमा स्थापित करवाई, जिसे आम आदमी की नजरों से दूर रखा गया है। वह भी कपड़े से ढंककर।
राष्ट्रीय पर्वों में अपने रटे-रटाए भाषणों में शहीदों के योगदान की तारीफों के पुल बांधने वाले सत्ता के अलंबरदारों ने अभी तक इस शहीद की प्रतिमा को खुली हवा में ‘सांस’ लेने के लिए नहीं खोला है।
इसीलिए उनके शहादत दिवस को भी लोग ठीक ढंग से नहीं मना पाते। इस बार शहादत दिवस आने से पहले से जनता फिर से जंक लगे सिस्टम से यह मांग उठाने लगी है कि प्रतिमा को सम्मान दिया जाएगा।
अनावरण न होने से लोगों में रोष
शहीद मोहन चंद्र शर्मा जन कल्याण एवं विकास समिति तिमिलखाल के पदाधिकारियों का कहना है कि शहीद शर्मा की मूर्ति का अनावरण नहीं होना दुभाग्यपूर्ण है देश पर मर मिटने वालों के लिए।
समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश फुलोरिया, जगदीश मासीवाल, शिवदत्त मासीवाल, प्रेम सिंह, नंदन सिंह, प्रधान दीपा देवी तथा मुन्नी देवी आदि ने मुख्यमंत्री से 19 सितंबर को शहीद शर्मा की पुणतिथि के मौके पर मूर्ति के अनावरण की मांग की है। इन लोगों का कहना है कि शहीद का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक जी बोले पिछली बार फुर्सत ही नहीं रही
2013 में इंस्पेक्टर मोहन चंद्र शर्मा के शहादत दिवस के दिन प्रतिमा के अनावरण की तैयारी की गई थी, लेकिन उस समय अति व्यस्तता रहने से यह कार्यक्रम टल गया। इस बार प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। शहीद शर्मा को पूरा सम्मान दिया जाएगा।
- मदन बिष्ट, विधायक, द्वाराहाट