छह वर्षीय वैष्णवी राजपूत का ई-24 चैनल के इवेंट वन चांस इंडिया के मेगा राउंड में चयन हो गया है। वैष्णवी के बेहतर प्रदर्शन से परिजन बेहद उत्साहित है। ज्वालापुर के मेहतान मोहल्ला निवासी रोबिन राजपूत की छह वर्षीय पुत्री वैष्णवी राजपूत सेंट मैरी पब्लिक स्कूल में कक्षा एक की छात्रा है। रोबिन ने बताया कि वैष्णवी ज्वालापुर की एक डांस एकेडमी में डांस सीखने जाती है।
वह पहली बार अमर उजाला की ओर से देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुई थी। जहां उसकी प्रस्तुति को सराहना मिली। पहला स्थान पाकर उसे पांच हजार रुपये इनाम भी मिला। इससे उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। अब वैष्णवी ने टीवी चैनल ई-24 पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम वन चांस इंडिया के लिए देहरादून में 18 मार्च को आयोजित प्रोमो ऑडिशन में प्रतिभाग किया तो उसका चयन टीवी राउंड के लिए हुआ।
चैनल की ओर से दिल्ली में 23 मई को आयोजित टीवी राउंड में भी वैष्णवी का चयन हो गया है। चैनल की ओर से उसे सम्मानित भी किया गया। रोबिन ने बताया कि चैनल की ओर से अब मेगा राउंड होगा, जिसका चैनल पर सीधा प्रसारण होगा। वैष्णवी के बेहतर प्रदर्शन से पूरा परिवार खुश है। वैष्णवी की मानें तो वह डांस में अपना करियर बनाना चाहती हैं।