उद्योग और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तराखंड के दो उद्यमियों को मॉरीशस में विशेष सम्मान प्रदान किया गया है। मूलत: रुद्रप्रयाग निवासी उद्यमी और मुख्यमंत्री के सलाहकार डा. केएस पंवार और पौड़ी निवासी उद्योगपति विनोद पांडे को यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।
मॉरीशस में ग्लोबल अचीवर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित आर्थिक और सामाजिक विकास के अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में दोनों उद्यमियों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
उन्हें इंटरनेशनल गोल्ड स्टार अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मूलत: रुद्रप्रयाग के गेड गांव निवासी उद्यमी और सोशल एंड पॉलिगन ग्रुप के चेयरमैन डा. केएस पंवार की गिनती प्रदेश के बड़े उद्योगपतियों में होती है।
अपनी कंपनियों के माध्यम से उन्होंने प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार दिया है। वहीं पौड़ी निवासी व समीक्षा इंडस्ट्रीज के चेयरमैन विनोद पांडे भी उद्योग और समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में लघु और कुटीर उद्योगों की स्थापना के लिए विशेष प्रयास भी कर रहे हैं।