लोन की एवज में रिश्वत लेते पकड़े गए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के फील्ड अफसर को सीबीआई ने रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
रुड़की से किया था गिरफ्तार
सीबीआई टीम ने शनिवार शाम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की भलारगंज, रुड़की शाखा के फील्ड अफसर राजसिंह उर्फ गिरीराज निवासी सिविल लाइन रुड़की को जेल चुंगी, रुड़की में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा था। पूरन शर्मा के परिवार ने एसबीआई से एक लाख रुपये कृषि लोन के लिए आवेदन किया था। पचास हजार रुपये मिल चुके थे। शेष रकम देने से बैंक के फील्ड अफसर राज सिंह ने नौ हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता और घूसखोर की बात की रिकार्ड
बैंक अफसर राज सिंह पांच हजार रुपये रिश्वत पर अड़ा रहा। शिकायतकर्ता ने राज सिंह से हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी की थी। बातचीत को सीबीआई अधिकारियों ने भी सुना। सीबीआई ने राज सिंह के घर की तलाशी भी ली। सूत्रों की मानें तो कई बैंक अधिकारी लोन की रकम पास कराने के एवज में दस प्रतिशत रिश्वत मांगते हैं।