अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो 29 सितंबर तक निपटा लें। इसके बाद तीन दिन तक बैंकों में छुट्टी रहेगी। वहीं, उत्तरांचल बैंक इंप्लाइज यूनियन ने मुख्यमंत्री से रामनवमी पर भी कोषागार व बैंकों में अवकाश की घोषणा का आग्रह किया है।
त्योहारी सीजन चल रहा है और इस सप्ताहांत कई सार्वजनिक अवकाश पड़ रहे है। छुट्टियों की बात करें तो 30 सितंबर को दशहरा, एक अक्टूबर को रविवार और दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर बैंक पूरी तरह से बंद रहेंगे।
बैंक कर्मचारियों की मांग 29 सितंबर को रामनवमी पर भी अवकाश की है। ऐसा होता है तो बैंकों में चार दिन अवकाश रहेगा और तीन अक्टूबर से कामकाज फिर से शुरू हो सकेगा। लगातार छुट्टी से ग्राहकों को परेशानी होनी स्वाभाविक है।