होटल में लहुलुहान हालत में मृत मिले बैंक कैशियर तेजपाल की हत्या हुई है या उन्होंने आत्महत्या की है, पुलिस इसके हर पहलु की जांच कर रही है। होटल मैनेजर की सूचना पर एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र व कुंडा थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए। फुटेज में एक युवती कैशियर के कमरे में घुसते और वहां से निकलती दिखाई दे रही है।
आशंका है कि कैशियर की मौत के तार युवती से जुड़े हैं। यह हत्या है या आत्महत्या, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस युवती के बारे में भी जानकारी जुटाने में जुटी है। एएसपी डॉ. चंद्र ने बताया कि मौके पर मिले तमंचे से फिंगर प्रिंट लेने के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई है। एएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
उनके आने पर ही उक्त कमरे की तलाशी ली जाएगी। मृतक के पिता पेशे से किसान हैं। हाल ही में उसकी पत्नी का चयन शिक्षिका के पद पर हुआ है। तेजपाल का डेढ़ माह का एक बेटा भी है। घटना के वक्त तेजपाल के कमरे में युवती की मौजूदगी को लेकर बैंक कैशियर की मौत संदिग्ध मानी जा रही है।
पत्नी का स्वास्थ्य खराब बताकर बैंक से ली थी छुट्टी
काशीपुर आने से पूर्व बैंक कैशियर ने पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने की बात कह कर बैंक से छुट्टी ली थी। शरीफनगर स्थित प्रथमा बैंक के शाखा प्रबंधक यासीन खान ने बताया कि तेजपाल सुबह करीब साढ़े नौ बजे बैंक की शाखा पहुंचा था। वह पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने की बात कहकर गेट पर गार्ड को ही छुट्टी का आवेदन देकर चला गया। गार्ड ने उन्हें छुट्टी का प्रार्थना पत्र लाकर दिया। शाखा प्रबंधक ने बताया कि तेजपाल बहुत ही हसंमुख स्वभाव का था।