मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अगले वर्ष जनवरी तक उत्तराखंड देश का ऐसा पहला राज्य होगा, जहां टेली मेडिसिन सेवाएं बैलून तकनीक के आधार पर दी जाएगी। राज्य में 10 स्वास्थ्य उप केंद्रों को टेली मेडिसिन सेवा से जोड़ दिया गया है।
कहा कि प्रतापनगर क्षेत्र को जोड़ने वाला डोबरा-चांठी पुल जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। पुल निर्माण के लिए राज्य सरकार को नाबार्ड के माध्यम से 76 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है।
मुख्यमंत्री रविवार को मड़बागी सौड़ में सेम-मुखेम मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र की 42 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कार्य कर रही है।
पूर्ववर्ती सरकार ने राज्य का कोष खाली कर दिया था। उनकी सरकार कोष को भरने के लिए फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है। जनपद में टेली मेडिसिन सेवा का भी शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का पहला फोकस स्वास्थ्य पर है। पहले चरण में जिला अस्पतालों की दशा को सुधारा जा रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है।