भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने कराया नामांकन
- फोटो : amar ujala
भाजपा ने बागेश्वर उपचुनाव में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदनराम दास की पत्नी को प्रत्याशी बनाया है। आज पार्वती दास ने अपना नामांकन किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा मौजूद रहे। इस दौरान वह भावुक हो गईं।
भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। सीएम धामी अल्मोड़ा से सड़क मार्ग बागेश्वर पहुंचे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा बागेश्वर उपचुनाव में चंपावत उपचुनाव की तर्ज पर पहले से अधिक रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करेगी।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: मानसून की भारी बारिश से आई आपदा में अब तक मारे गए 52 लोग, 37 घायल, राज्य को 650 करोड़ का नुकसान
बागेश्वर की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को दरकिनार कर अपने प्रिय नेता स्वर्गीय चंदन रामदास को ऐतिहासिक जीत के साथ श्रद्धांजलि देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस उपचुनाव की दो महीने से तैयारी में जुटी है। विधानसभा चुनाव प्रबंधन टोली ने राज्य संसदीय बोर्ड को पांच नाम भेजे थे, जिनमें चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास, बेटा गौरव दास, पार्टी के वरिष्ठ नेता जेसी आर्य, दीपा आर्य व मथुरा प्रसाद के नाम शामिल था।
पार्टी पुरानी परंपरा के अनुसार, सहानुभूति का दांव चला। पार्टी का भी चंदनराम दास की पत्नी को प्रत्याशी बनाए जाने पर जोर था।
फफक-फफक कर रो पड़ीं पार्वती दास
बुधवार को भाजपा की जनसभा में पार्टी प्रत्याशी पार्वती दास फफक-फफक कर रो पड़ीं। वह संबोधन कर रहीं थीं। उन्होंने ज्यों ही अपने पति चंदन राम दास के शुरू किए गए विकास कार्यों को पूरा करने की बात कही तो वह, अचानक फफक-फफक कर रोने लगीं। सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ ही वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें ढांढस बंधाया। पार्वती दास इतना रो रहीं थीं कि उसके बाद संबोधन नहीं कर पाईं। उन्हें रोता देख अन्य नेता भी उदास होते देखे गए। लोगों ने चंदन राम जिंदाबाद के नारे लगाकर पार्वती दास को हौसला देने की कोशिश की। सीएम धामी स्वयं पार्वती दास को उनकी कुर्सी पर छोड़ने गए।