देहरादून। ट्रेनों में बैग और सूटकेस चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। शनिवार को चोरों ने एक और यात्री का बैग चोरी कर लिया। बैग में मोबाइल और नकदी थी। देहरादून जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव पकरी मोती, थाना सोनाहार, जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश) निवासी दिनेश गुप्ता पुत्र किशोेर सेलाकुई स्थित एक फैक्ट्री में कार्य करते हैं। पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में उन्होंने बताया कि शनिवार को वह भाभी के साथ देहरादून के लिए राफ्ती गंगा एक्सप्रेस में सवार हुए थे। संडीला (जिला हरदोई) में सुबह लगभग तीन-चार बजे किसी ने उनकी भाभी के तकिए के नीचे रखा बैग पार कर दिया। बैग में दो मोबाइल, 8600 रुपये, आधार और पैन कार्ड आदि थे। जीआरपी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की प्राथमिक छानबीन कर विस्तृत जांच के लिए घटनास्थल हरदोई के लिए स्थानांतरित किया जाएगा।
बता दें, गत 11 मार्च को भी राफ्ती गंगा एक्सप्रेस से देहरादून आ रहे महाराजगंज निवासी परिवार की महिला का पर्स हरदोई के समीप ही सुबह करीब तीन-चार बजे चोरों ने चुरा लिया था। इसमें दो मोबाइल, दो हजार रुपये और इस संबंध में विमला देवी पत्नी योगेंद्र नाथ पांडे हाल निवासी देहराखास देहरादून की ओर से जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया गया था। वहीं, पार्क रोड लक्ष्मण चौक पटेलनगर देहरादून निवासी शिखर श्रीवास्तव पुत्र स्वर्गीय अवधेश कुमार श्रीवास्तव के परिवार का सूटकेस लखनऊ से सहारनपुर आते वक्त लखनऊ-चंडीगढ़ ट्रेन में गत 17 फरवरी को किसी ने तोड़कर उसके अंदर रखे सोने का सेट, पायल और कपड़े आदि चोरी कर लिए थे। इसका पता उन्हें घर पहुंचने पर पता चला। इस संबंध में उन्होंने सहारनपुर जीआरपी में तहरीर दी है।