कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, पार्टी प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी और ग्राम प्रधान रविंद्र नेगी का कहना है कि एक वर्ष बीत जाने पर भी बदरीनाथ हाईवे की स्थिति जस की तस बनी हुई है। कार्यदायी संस्थाओं को समय पर बजट न मिलने के कारण भूस्खलन क्षेत्रों में सुधारीकरण कार्य आधा-अधूरा पड़ा हुआ है।
लामबगड़ नाले में मोटर पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है इससे वाहनों की आवाजाही नाले से ही की जा रही है। यहां हाईवे बेहद खराब स्थिति में है। ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच यात्रा वाहन हिचकौले खाकर बदरीनाथ जा रहे हैं। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से सड़क पर पड़े गड्ढों में मिट्टी का भरान किया गया है। इससे धूल उड़ रही है। इधर, एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि बजट समय पर न मिलने के कारण भूस्खलन क्षेत्रों में काम पूरा नहीं हो पाया है। पर्थाडीप भूस्खलन क्षेत्र में हाईवे सुधारीकरण कार्य अंतिम चरण में है। यहां जल्द डामर भी बिछा लिया जाएगा।