जौलीग्रांट: थानो-भोगपुर मार्ग पर जाखन पुल से यातायात हुआ शुरू
थानों-भोगपुर के बीच में जाखन नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड बहने के 24 घंटे बाद ही लोनिवि द्वारा एप्रोच रोड की मरम्मत करके यातायात शुरू कर दिया गया है। बाढ़ से जाखन पुल की करीब 50 मीटर अप्रोच रोड मंगलवार सुबह तड़के 4:00 बाढ़ से बह गई थी। जिसके बाद इस पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। ऋषिकेश और भोगपुर की तरफ से जाने वाले लोग वाया एयरपोर्ट होकर थानों से देहरादून की तरफ जा रहे थे।
संबंधित अधिकारियों ने एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के 24 घंटे बाद ही मिट्टी आदि भरकर फिलहाल हल्के वाहनों के लिए यातायात शुरू करवा दिया है। लोनिवि के जेई राहुल कुमार ने कहा कि एप्रोच रोड की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है। फिलहाल मार्ग पर यातायात शुरू करवा दिया गया है। वही पहाड़ी क्षेत्र सिन्धवाल गांव से पहले पुल के समीप बहे मुख्य मार्ग के पास से जंगल से वैकल्पिक मार्ग बनवा दिया गया है। जिससे थानों से सिन्धवाल गांव मार्ग पर भी यातायात शुरू कर दिया गया है।