बदरीनाथ धाम की शीतकालीन यात्रा बेहतर चल रही है। यात्रा के दौरान पड़ावों पर जहां चहल-पहल है वहीं बदरीनाथ धाम के शीतकालीन गद्दीस्थल योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। इन स्थलों पर इस बार 13 हजार श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे हैं। वहीं चारधाम यात्रा में खुलने वाले होटल, लॉज भी इस बार खुले रहे।
शीतकालीन चारधाम यात्रा के संचालन पर सरकार ने इस बार विशेष जोर दिया। श्रद्धालुओं को शीतकालीन यात्रा पर आने का आग्रह किया गया। यही कारण रहा कि इस वर्ष अन्य वर्ष के मुकाबले यात्रा अच्छी चली। गत वर्ष बदरीनाथ धाम की शीतकालीन यात्रा पर करीब आठ हजार श्रद्धालु पहुंचे थे जबकि इस वर्ष जनवरी माह तक 13 हजार श्रद्धालु पांडुकेश्वर और नृसिंह मंदिर के दर्शनों के लिए पहुंचे हैं।
ये भी पढ़ें...National Games: खेल के दौरान मुंह पर गेंद लगने से हॉकी खिलाड़ी घायल, एम्स ऋषिकेश लाया गया, आज खेलेंगी मैच
मलारी और उर्गम में खुले होमस्टे
शीतकालीन यात्रा के कारण इस बार नीती घाटी के मलारी और उर्गम घाटी में स्थानीय युवा होमस्टे का संचालन कर रहे हैं। इन जगहों पर श्रद्धालु और पर्यटक बढ़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। उर्गम घाटी के युवाओं का कहना है कि हेलंग-उर्गम सड़क की स्थिति में सुधार होता है तो यात्रा बेहतर चलेगी। मलारी के मोहन सिंह ने कहा कि स्थानीय युवा होम स्टे का संचालन कर अच्छी कमाई कर रहे हैं।