आज रविवार शाम सात बजकर 28 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट बंद हो जाएंगे। भगवान के दर्शन करने के लिए करीब 3000 से अधिक तीर्थयात्री धाम पहुंच गए हैं। पूरा कार्यक्रम जानने के लिए पढ़िए खबर...
17 वर्षो में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब शाम के समय बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होंगे। शनिवार को धाम में रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ने माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। रविवार को दिनभर धाम के कपाट खुले रहेंगे। दिल्ली के एक श्रद्धालु ने करीब बीस क्विंटल गेंदे के फूलों से धाम को सजाया गया है।
कपाट बंद होने से पहले यह धार्मिक प्रक्रिया होगी संपन्न
बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल मां लक्ष्मी की सखी के रूप में स्त्री वेश धारण कर लक्ष्मी जी को बदरीनाथ गर्भगृह में प्रवेश कराएंगे।
इससे पहले गर्भगृह से भगवान उद्धव, कुबेर और गरुड़ जी की उत्सव मूर्तियों को चांदी की डोली में रखा जाएगा। इस दौरान घृत लेप कंबल से भगवान बदरीनाथ और मां लक्ष्मी को ओढ़ा जाएगा। इसके बाद कपाट बंद कर दिए जाएंगे।