सहसपुर थाना पुलिस ने 26.45 ग्राम स्मैक के साथ उत्तर प्रदेश के बदायूं के तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सहसपुर थाने के उपनिरीक्षक जावेद हसन टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। जेबीआईटी से सटे आम के बाग के पास उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिसकर्मियों को देख व्यक्ति भागने लगा। पीछा कर उसे दबोच लिया गया। थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 26.45 ग्राम स्मैक मिली। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र निवासी नन्हे मियां के रूप में हुई। वह हाल में शंकरपुर हुकूमतपुर में बिलाल मस्जिद के पास रह रहा था। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह राजमिस्त्री है। जल्दी पैसे कमाने के लिए वह स्मैक बेचने लगा। वह स्मैक बरेली से लेकर आया था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।