भाई के साथ हनोल मंदिर के दर्शन के लिए आए उत्तरकाशी के मोरी थाना क्षेत्र के एक युवक ने टोंस नदी में छलांग लगा दी। युवक को बचाने के लिए उनका भाई भी नदी में कूदा। लेकिन, नदी की तेज धारा में बह गया। युवक का भाई नदी से सकुशल बाहर आने में कामयाब रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व उत्तरकाशी जिले के मोरी थाना क्षेत्र के जखोल निवासी दिनेश उर्फ फजीतू (27) पुत्र हरिपाल अपने चचेरे भाई के साथ घर से त्यूणी के लिए निकला था।
रविवार को वह हनोल मंदिर की पार्किंग से टोंस नदी की ओर दौड़ा। उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए भाई भी नदी में कूदा। लेकिन, कुछ ही देर में दिनेश नदी की तेज धारा में ओझल हो गया। इस बीच उसके भाई ने नदी में बहते हुए एक पत्थर को पकड़ लिया। वह तैर कर नदी से बाहर आ गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची त्यूणी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाया। लेकिन, शाम तक युवक का कोई पता नहीं चला।
युवक के भाई ने पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई मंदिर की पार्किंग के पास एक टी स्टॉल पर बैठकर चाय पी रहे थे। उसने दावा किया कि अचानक उसके भाई पर देवता अवतरित हुआ। वह अचानक दौड़ा और नदी में छलांग लगा दी।
थाना प्रभारी विनय मित्तल ने बताया कि अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान बीच में ही रोकना पड़ा। बताया कि सोमवार को फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।