अमरूद तोड़ने पर एक बच्चे को ऐसी सजा मिली कि अब वह जिंदगी भर इस सजा के साथ रहने के लिए मजबूर है।
अमरूद तोड़ने से भड़के पूर्व फौजी ने गुस्से में एक बच्चे पर एयरगन चला दी, जिसका एक छर्रा उसकी आंख में जा धंसा। नतीजा यह हुआ कि बच्चे की एक आंख खराब हो गई।
पहले तो समझौते की कोशिश होती रही, मगर 10 दिन बाद पीड़ित परिवार पुलिस के पास पहुंच गया, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़ित बच्चे का दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पूर्व फौजी ने गुस्से में चिल्लाते हुए बच्चे पर एयरगन चला दी
guava
- फोटो : demo pic.
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के चंद्रबनी के संगम विहार में यह वारदात 11 दिसंबर को हुई थी। दरअसल अपने मामा के यहां रहने वाला नौ साल का दिव्यांश एक पेड़ पर चढ़कर अमरूद तोड़ रहा था।
आरोप है कि इसी बीच पेड़ के मालिक और पूर्व फौजी नीरज ने गुस्से में चिल्लाते हुए उस पर एयरगन चला दी। नतीजा यह हुआ एयरगन का छर्रा दिव्यांश की एक आंख में जा धंसा।
बालक को गंभीर हालत में पहले श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल ले जाया गया, जहां से दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।
अधिक खर्च को देख पीछे हट गया फौजी
demo pic
आरोप है कि इसके बाद पूर्व फौजी ने परिवार को आर्थिक सहायता का भरोसा देकर मामले को दबाने की कोशिश की।
दिल्ली में उपचार के दौरान उसकी आंख खराब होने की बात सामने आई तो फौजी अधिक खर्च को देख पीछे हट गया। जिसके बाद दिव्यांश के मामा मनीष ने पटेलनगर कोतवाली पहुंचकर इस मामले में पूर्व फौजी के खिलाफ तहरीर दे दी।
पुलिस ने मनीष की तरफ से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आईएसबीटी चौकी प्रभारी अमरजीत सिंह रावत के मुताबिक दिव्यांश के पिता की मौत हो चुकी है। साक्ष्यों का संकलन कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।