फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाबा केदारनाथ को भजन से खुश करेंगे पं. जसराज

Thu, 01 May 2014 12:33 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
लिंचौली के ऊपर जमा बर्फ के चलते केदारनाथ धाम की यात्रा अभी भी मुश्किलों भरी है।
विज्ञापन


हालांकि युद्घस्तर पर जुटा प्रशासनिक अमला आश्वस्त है कि दिन रात करके इसे भी 4 मई के पहले यात्रा के लायक बना दिया जाएगा।

जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ में स्थिति बहाल हो गई है। पिछले साल आई दैवी आपदा से सबसे अधिक तबाही केदार घाटी में ही हुई थी।

4 मई को जब बाबा केदारनाथ के कपाट खुलेंगे तो उन्हें प्रसन्न करने के लिए पं. जसराज के भक्तिरस में डूबे भजन घाटी को नई स्फुर्ति देगी।

तैयारियों की समीक्षा कर फाइनल टच दिया

मुख्य सचिव सुभाष कुमार ने बुधवार को सचिवालय में चारधाम यात्रा के तैयारियों की समीक्षा कर फाइनल टच दिया।

मुख्य सचिव ने बताया कि बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री में स्थिति बहाल हो गई है। इन धामों की यात्रा में अब कोई दिक्कत नहीं है।

हालांकि, इन इलाकों की स्थिति पूरी तरह से सामान्य होने में समय लगेगा। दैवीय आपदा से सबसे ज्यादा तबाही केदारघाटी में हुई थी। यहां भी युद्धस्तर पर दिन-रात कार्य चल रहा है ताकि इसे यात्रा के लायक बना दिया जाए।

बैठक में तय किया गया कि जब तक केदारनाथ यात्रा मार्ग पर होटल, ढाबे नहीं खुल जाते हैं, गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) लंगर चलाएगा।

जीएमवीएन को प्रतिदिन एक हजार लोगों के लिए पके हुए खाने की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा जीएमवीएन रिफ्रेशमेंट प्वाइंट भी बनाएगा। इस प्वाइंट पर चाय, पानी, कोल्ड ड्रिंक आदि का इंतजाम रहेगा।

केदारनाथ में किया जा रहा इंतजाम

बताया गया कि 250 लोगों के ठहरने का इंतजाम लिंचौली में और 500 लोगों का इंतजाम केदारनाथ में किया जा रहा है।

7 प्री फैब्रीकेटेड हट के अलावा 15 छोटे और 15 बड़े टेंट लगाये जा रहे हैं। बेस कैंप में 30 टेंट रेडक्रास सोसायटी लगा रही है। 25 हट का सामान एडवांस में रखा जायेगा।

बिजली की व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू होने में केवल 2 किमी शेष है। 2 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लिंचौली पहुंच गये हैं। 3 मई तक केदारनाथ तक बिजली पहुंच जाएगी। उरेडा का जेनेरेटर केदारनाथ पहुंच गया है।

उरेडा के जरिये केदारनाथ धाम प्रकाशमान है। इसके अलावा पेट्रोल से चलने वाली 25 अस्का लाइट भी बृहस्पतिवार तक पहुंच जाएगी। इस लाइट से 300 मीटर तक रोशनी होती है। यात्रा मार्ग पर पेयजल की आपूर्ति कर दी गयी है।

क्लोरीनेशन का कार्य गुरूवार से शुरू हो जायेगा। स्वास्थ्य व्यवस्था के बारे में बताया गया कि रूद्रप्रयाग और सोनप्रयाग में यात्रियों का मेडिकल चेकअप किया जायेगा।

जीवन रक्षक दवाओं, पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलंडर के साथ डाक्टरों की टीम भीमबली, लिंचौली, बेस कैम्प और केदारनाथ में तैनात रहेगी। इसके अलावा एम्बुलेंस भी सड़क मार्ग पर उपलब्ध रहेंगे।
विज्ञापन

संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ व पुलिस

इस बार केदारनाथ यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ और पुलिस के जवान यात्रियों की मदद के लिए तैनात रहेंगे।

एसडीआरएफ की चार टीमें केदारघाटी में तैनात की गई है। केदारनाथ में 50, लिंचौली में 25, भीमताल में 25 और भीमबली में 25 जवान तैनात हैं। इसके अलावा पुलिस के आउट पोस्ट भी बनाये गये हैं।

अधिकारियों की टीम मौके पर
मुख्य सचिव ने बताया कि केदारघाटी में चल रहे निर्माण कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रवाना कर दिया गया है।

सचिव लोनिवि अमित नेगी, डीआईजी गढ़वाल अमित सिन्हा, कमिश्नर गढ़वाल एनएस नपलच्याल, यूपीसीएल के एमडी, जीएमवीएन के एमडी राजेश कुमार, डीजी हेल्थ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी 3 मई तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर शासन को रिपोर्ट करेंगे।

बैठक में बताया गया कि चार धामों में एक महीने का एडवांस राशन और मिट्टी का तेल भेज दिया गया है। केदारनाथ के पैदल मार्ग गौरीकुंड, जंगलचट्टी, भीमबली, त्रियुगीनारायण, लिंचौली और केदारनाथ में राशन स्टोर किया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें