आजाद हिंद फौज के सिपाही हुकुम सिंह सजवाण (95) का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने कैनाल रोड स्थित अपने आवास में आखिरी सांस ली। आज ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ।
मूलत: चंबा टिहरी गढ़वाल निवासी हुकुम सिंह सजवाण काफी समय तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ आजाद हिंद फौज में रहे। आजादी की लड़ाई में भी उन्होंने सक्रिय योगदान दिया। देश की आजादी के बाद उन्होंने भारतीय सेना ज्वाइन कर ली। यहां से सेवानिवृत्त होने के बाद लंबे समय तक उन्होंने सर्वे ऑफ इंडिया में सेवाएं दी।
पिछले तीन दशक से अधिक समय से वह सेवानिवृत्त जीवन व्यतीत कर रहे थे। आज एकता एवेन्यू, कैनाल रोड स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकली और ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।