दून अस्पताल में आयुष्मान कार्डधारकों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों जैसी अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाएं मिलेंगी। दून अस्पताल प्रबंधन की ओर से आयुष्मान कार्डधारकों के लिए प्राइवेट वार्डों को निजी अस्पतालों के वार्डों जैसे सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। साथ ही उच्च चिकित्सकीय सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
बता दें कि आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का दून अस्पताल में भी इलाज किया जा रहा है। लेकिन, कई मरीजों ने सरकार, शासन स्तर पर इस बात की शिकायत दर्ज कराई है कि आयुष्मान कार्डधारकों को दून अस्पताल में वे तमाम सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। जिसके लिए वह योजना के तहत लाभ पाने के हकदार हैं। आखिरकार स्वास्थ्य महानिदेशालय के स्तर पर पूछताछ किए जाने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन हरकत में आया है। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि आयुष्मान कार्डधारकों को केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित किए गए मानकों के अनुरूप इलाज की उच्चस्तरीय सुविधाएं मिलें। इसके लिए दून अस्पताल में तमाम चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इतना ही नहीं आयुष्मान कार्डधारकों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों जैसी सुविधा मिले इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्तियां की जा रही हैं। ताकि बेहद गंभीर मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की दिक्कत ना आए। दून अस्पताल में व्यवस्थाआें को दुरुस्त किया जा सकें, इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन और दून अस्पताल प्रबंधन के बीच कई दौर की बैठक भी हो चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को पांच रुपये तक मुफ्त इलाज कराने की सुविधा मुहैया कराई जा रही है।