राजस्थान चुरु में आयोजित कार्यक्रम में सीबीएसई क्षेत्रीय निदेशक रणवीर सिंह को सम्मानित करते हु?
- फोटो : CITY
स्कूली शिक्षा की बेहतरी में सराहनीय सेवाओं के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के क्षेत्रीय निदेशक रणवीर सिंह को राजस्थान में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। देहरादून मंडल की सीबीएसई स्कूली शिक्षा को अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बताया गया।
चुरु (राजस्थान) में ओपीजेएस विश्वविद्यालय (राजस्थान) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के न्यायाधीश सीपी सिंह (सेवानिवृत्त) ने रणवीर सिंह को उपाधि प्रदान की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य है, लेकिन सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में रणवीर सिंह ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार व पारदर्शिता व्यवस्था की दिशा में अनेकों कार्य किए हैं। रणवीर सिंह ने कहा कि स्कूल शिक्षा के मंदिर होते हैं। छात्रों को गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जाएं तो छात्र निश्चित रूप से सही दिशा की ओर आगे बढ़ता है। कहा कि यह सम्मान सीबीएसई देहरादून के सभी अधिकारी, कर्मचारी, स्कूल शिक्षक व छात्रों को समर्पित करना चाहते हैं।