मार्च के महीने में रातें इस बार पिछले साल से ज्यादा ठंड हो रही हैं। राजधानी में पिछले वर्ष सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। जबकि इस साल बारिश के बाद पारा गिरकर 9.6 डिग्री तक पहुंच चुका है।
पिछले दस वर्षों के दौरान मार्च में सबसे ठंडी रात वर्ष 2017 में रही थी, जब पारा लुढ़क कर 5.2 डिग्री तक पहुंच गया था। 2018 में रात को सबसे कम तापमान 10.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष अब तक मार्च में रात का तापमान 10-12 के बीच ही बना हुआ है। सोमवार को राजधानी समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिसके बाद पारा गिरकर 9.6 डिग्री तक पहुंच गया।
राजधानी दून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से हल्के बादल छाए रहे। बीच में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। दोपहर बाद आसमान काले बादलों से घिर गया और काफी देर तक हल्की रिमझिम बारिश होती रही। शाम के समय भी एक से दो दौर की हल्की बौछारें पड़ी। हालांकि इससे गर्मी पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ा। राजधानी के अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं देखी गई। अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास ही बना रहा।