एनएच-74 भूमि मुआवजे घोटाले के मुख्य आरोपी डीपी सिंह के खिलाफ शनिवार को एसआईटी धारा 82 की कार्रवाई करेगी। इसके तहत मुनादी कराने के साथ ही कुर्की के लिए उसके घर पर नोटिस चस्पा किया जाएगा।
एसआईटी ने नैनीताल के विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार से डीपी के खिलाफ धारा 82 की कार्रवाई के आदेश ले लिए हैं। घोटाले के मुख्य आरोपी डीपी सिंह की धरपकड़ के लिए एसआईटी की हर कोशिश नाकाम रही।
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि शुक्रवार को एसआईटी ने नैनीताल स्थित विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार से डीपी के खिलाफ 82 की कार्रवाई करने के आदेश ले लिए हैं। शनिवार को एसआईटी डीपी के देहरादून स्थित आवास के आसपास लाउडस्पीकर से मुनादी कराने के बाद उसके आवास पर 82 का नोटिस चस्पा करेगी।
उसके बाद तय समयावधि के भीतर अगर डीपी कोर्ट में पेश नहीं होगा तो उसके खिलाफ एसआईटी कोर्ट से आदेश लेकर धारा 83 की कार्रवाई भी कर सकती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई याचिका की 24 नवंबर को होने वाली सुनवाई के बाद डीपी एसआईटी के सामने आत्मसमर्पण कर सकता है।
उसकी धरपकड़ के लिए भी एसआईटी लगातार दबिश दे रही है। इसके साथ ही घोटाले के आरोप में जेल भेजे गये पूर्व निलंबित एसडीएम भगत सिंह फोनिया की जमानत याचिका पर भी शनिवार को स्पेशल कोर्ट भ्रष्टाचार में सुनवाई होगी। गिरफ्तार किए गए अन्य सात लोगों को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा।