- तीन दिवसीय उत्तराखंड जनजातीय खेल महोत्सव का हुआ समापन
जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखंड जनजातीय खेल महोत्सव का सोमवार को समापन हो गया। पीआरडी मैदान, ननूरखेड़ा रायपुर में आयोजित महोत्सव में शानदार प्रदर्शन कर एटीएस लाखामंडल ने ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।
जबकि, उपविजेता ट्रॉफी राजकीय बालिका जनजाति छात्रावास धनपऊ और द्वितीय उपविजेता ट्रॉफी राजकीय जनजाति छात्रावास काशीपुर को प्रदान की गई। बालिका वर्ग की सीनियर चक्का फेंक प्रतियोगिता में आईटीआई खटीमा की राजनंदिनी ने पहला स्थान हासिल किया। जबकि, आईटीआई खटीमा की साक्षी दूसरे और एटीएस लाखामंडल की अदिति तीसरे स्थान पर रहीं। गोला फेंक में राजनंदिनी ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए फिर से पहला स्थान हासिल किया। जबकि, साक्षी दूसरे और एटीएस लाखामंडल की कुसुम तीसरे स्थान पर रहीं। बालक सीनियर वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में हॉस्टल काशीपुर के विकास राणा ने प्रथम, हॉस्टल काशीपुर के विकास ने द्वितीय व आईटीआई गूलरभोज के जतिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी सीनियर बालक वर्ग में आईटीआई चकराता विजयी रहा। इसके अलावा बालक वर्ग की रिले रेस में हॉस्टल काशीपुर ने प्रथम, आईटीआई गूलरभोज ने द्वितीय व आईटीआई चकराता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक सीनियर वर्ग की 400 मीटर दौड़ में आईटीआई चकराता के रविन्द्र विजेता रहे। जबकि, हॉस्टल काशीपुर के देव सिंह दूसरे व हॉस्टल काशीपुर के वंश तीसरे स्थान पर रहे। जबकि, 1500 मीटर दौड़ में हॉस्टल काशीपुर के विकास ने प्रथम, मुनस्यारी के सुंदर ने द्वितीय व एटीएस त्यूणी के नरेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका अंडर-16 वर्ग की 800 मीटर दौड़ में लंगापोखरी की अंशिका ने बाजी मारी। एटीएस लाखामंडल की रितिका व आरुषि क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में भी एटीएस लाखामंडल की आरुषि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रितिका दूसरे और एटीएस लांगापोखरी की आयुषी तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर बालक-बालिका चेस में एटीएस लांगापोखरी की आकांक्षा व आईटीआई गूलरभोज के हिमांशु ने क्रमश: प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जबकि, बालिका-बालक जूनियर चेस प्रतियोगिता में एटीएस लांगापोखरी की सीमा व एटीएस खटीमा के गीतेश ने क्रमश: प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। समापन के मौके पर विधायक खजानदास ने बतौर मुख्य अतिथि विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस मौके पर टीआरआई उत्तराखंड के समन्वयक राजीव कुमार सोलंकी, अपर निदेशक योगेंद्र रावत समेत विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।