कहीं इस बार भी आपदा तो नहीं आएगी। किस जगह अधिक खतरा है। कुछ इसी तरह के सवाल वर्ष 2013 केदारनाथ आपदा से घबराए लोग ज्योतिषियों से पूछ रहे हैं। इससे बचने के उपाय तक वे जानना चाहते हैं। कोई खुद ज्योतिषियों के पास पहुंच रहा है तो कोई फोन पर सवाल कर रहा है।
वर्ष 2013 की आपदा से पहाड़ के लोग इतने घबरा गए हैं कि थोड़ी बारिश भी उन्हें कोई बड़ा खतरा लगने लगती है। ऐसे में वे सबसे पहले अपने ज्योतिषियों से न सिर्फ सवाल करते हैं, बल्कि इस संबंध में राय-मशविरा भी करते हैं। लोग हर समय इस खतरे में रहते हैं कि उनका घर, होटल बह न जाए।
रुद्रप्रयाग से अनूप और उत्तरकाशी से सीमा ने ज्योतिष दीपू मंद्रवाल को फोन किया। दीपू ने बताया कि दोनों के ही सवाल आपदा से संबंधित थे। दोनों पूछ रहे थे कि कहीं इस साल भी आपदा तो नहीं आएगी। कितनी बारिश आएगी। यहां तक कि इससे बचने के उपाय जानने के लिए वे उत्सुक थे।