- प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति में देरी से हैं नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। एजूकेशन मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री साबर सिंह रौथाण ने बेसिक शिक्षा निदेशालय में आमरण अनशन शुरू कर दिया। अनशन पर बैठे रौथाण ने कहा, प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति होनी हैं, इसके लिए डीपीसी हो चुकी है, लेकिन पदस्थापना के लिए काउंसलिंग शुरू नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
अनशन पर बैठे रौथाण के मुताबिक शिक्षा विभाग में 159 कार्मिकों की पदोन्नति होनी है। इसके लिए विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हो चुकी है, इसके बावजूद पदोन्नति के पद पर पदस्थापना के लिए काउंसलिंग शुरू नहीं हुई न ही अब तक पदोन्नति सूची जारी हुई। इससे प्रदेश भर के कर्मचारियों में नाराजगी है। शिक्षा निदेशालय के साथ ही सभी सीईओ कार्यालयों में कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। बेसिक शिक्षा निदेशालय में आमरण अनशन पर बैठे रौथाण के समर्थन में धरना देने वालों में एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, अशोक गौड़, हिम्मत सिंह, संजय सिंह, सुनील रावत, विमल असवाल, वीरेंद्र पंवार आदि शामिल रहे।