विधानसभा के आगामी सत्र के लिए कवायद शुरू हो गई है। राज्य स्थापना दिवस (नौ नवंबर) के बाद ही सत्र बुलाया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में आज सोमवार को होने वाली सर्वदलीय बैठक में सत्र पर चर्चा होगी। देहरादून या गैरसैंण, दोनों में से कहीं भी सत्र कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand : अंकिता हत्याकांड के आरोपी पुलकित आर्य की ऋषिकेश फैक्टरी में लगी आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
विधानसभा अध्यक्ष ने आगामी सत्र को लेकर सोमवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। जिसमें विभिन्न दलों के नेताओं के साथ सत्र आहूत करने पर चर्चा की जाएगी। स्पीकर ने बताया कि आगामी विधानसभा सत्र देहरादून या गैरसैंण कहीं भी हो, उसके लिए विधानसभा सचिवालय पूर्ण रूप से तैयार है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित है, वहां भी यदि सत्र होता है, तो उसके लिए भी भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के बाद ही विधानसभा सत्र बुलाया जाएगा। सर्वदलीय बैठक में सत्र की तिथि तय की जाएगी। सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद समेत निर्दलीय विधायक उमेश कुमार व संजय डोभाल को भी आमंत्रित किया गया है।
स्थापना दिवस पर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में होगा भव्य कार्यक्रम
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में स्थापना दिवस कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाएगा। ध्वजारोहण के साथ ही स्कूली बच्चों व महिला मंगल दलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत विधायकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।