'रोजा और बांम्बे जैसी फिल्मों के नायक रहे अरविंद स्वामी ने अपनी बीवी को तलाक दे दिया। उन्होंने अपने बेटे देहरादून के एक बोर्डिंग स्कूल में दाखिला दिलवा दिया है।'
अरविंद स्वामी की आने वाली फिल्म 'डियर डैडी' में कुछ ऐसा ही होता है। करण जौहर की चर्चित फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के बाद देहरादून के एफआरआई (फारेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट) में एक बार फिर लाइट, कैमरा, एक्शन गूंजा।
कैंपस में बुधवार से ‘डियर डैड’ फिल्म की शूटिंग शुरू हुई। फर्क इतना है कि ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ में जहां एफआरआई कैंपस को कालेज बनाया गया, वहीं डियर डैड फिल्म में एक बोर्डिंग स्कूल के रूप में दिखाया जाएगा। इससे पहले वेल्हम ब्वॉयज, कोल्हूखेत, ऋषिकेश और हरिद्वार में भी फिल्म के कई दृश्य फिल्माए जा चुके हैं।
‘डियर डैड’ फिल्म में रोजा और बांबे फिल्म में नायक रहे अरविंद स्वामी मुख्य भूमिका में हैं। एफआरआई के अलावा दून के कई अन्य हिस्सों में फिल्म की शूटिंग होगी। वेल्हम स्कूल में दो दिन शूटिंग की जा चुकी है। 17 अप्रैल तक एफआरआई में शूटिंग चलेगी। इसी बीच बृहस्पतिवार को राजपुर रोड पर भी कुछ दृश्य फिल्माए जाएंगे।
फिल्म के निर्देशक तनुज भ्रामर हैं। फिल्म पिता और बेटे की कहानी पर आधारित है। फिल्म की कहानी के अनुसार अरविंद स्वामी पिता के किरदार में हैं। उनका परिवार मसूरी रोड पर रहता है। दोनों के बीच झगड़े होते हैं तो आखिरकार वह तलाक ले लेते हैं।
इसके बाद बेटी अपनी मां और बेटा पिता के साथ रहता है। यही फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है। पिता उसको वेल्हम ब्वॉयज के बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने भेजते हैं। एफआरआई को वेल्हम स्कूल दिखाया गया है।
बुधवार को शूट किए दृश्य में अरविंद बेटे के साथ एक बैंच पर बैठे हैं। वह बेहद टेंशन में होते हैं और बेटे से कुछ बात साझा करते हैं, बेटा भी पापा की बात समझता है। उनका मूड अच्छा करने की कोशिश करता है।