ऋषिकेश से बिहार के चर्चित पूर्व मंत्री की पुत्री के साथ दुराचार के मामले के आरोपी निखिल प्रियदर्शी और उसके पिता पूर्व आईएएस कृष्ण बिहारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ऋषिकेश में चीला के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है। एसएसपी एम मोहसिन ने मीडिया को बताया कि बी कॉलोनी पुलिस स्टेशन पटना बिहार में यह मामला दर्ज हुआ था।
मामले में निखिल प्रियदर्शी, मनीष प्रियदर्शी, कृष्णबिहारी, बृजेश पांडे और संजीत शर्मा को नामजद किया गया था। 23 दिसंबर 2016 का यह मामला बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बिहार प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष बृजेश पांडे पर भी यौनाचार की कोशिश का मामला दर्ज हुआ था। जिस के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। निखिल और बृजेश पांडे पर 10 जनवरी को रेप और सेक्स रैकेट चलाने का आरोप भी पीड़ित पक्ष द्वारा लगाया गया था।
प्रथम रिपोर्ट में बृजेश पांडे का नाम दर्ज नहीं था, लेकिन सीआईडी और एसआईटी ने जब मामले की जांच की थी और फिर पीड़ित ने कोर्ट में बयान दिया गए तो उसके आधार पर सीआईडी ने बृजेश पांडे का नाम भी इस केस में जोड़ दिया था।
बृजेश पांडे 2015 में गोविंद गंज सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। इस मामले में डीजीपी पीके ठाकुर के बेटे का नाम भी सामने आया था, लेकिन उसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले थे।