फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: गिरफ्तार अभ्यर्थियों को परीक्षा देने की इजाजत, अब अपने साथियों की रिहाई पर अड़े युवा

Sat, 11 Feb 2023 10:30 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, देहरादून

सार

कोर्ट ने इनकी जमानत मंजूर कर दी। सभी को 30-30 हजार रुपये के निजी मुचलके और दो-दो जमानती प्रस्तुत करने को कहा गया। कोर्ट ने जमानत पर कई शर्तें भी लगाईं लेकिन इन आरोपियों ने बेल बांड नहीं भरे।
विज्ञापन
गिरफ्तारियां (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बलवा और पत्थरबाजी के आरोप में गिरफ्तार छह अभ्यर्थियों को पटवारी भर्ती परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी गई लेकिन वे अपने बाकी साथियों की रिहाई पर अड़ गए हैं। अदालत ने प्रवेशपत्र के आधार पर इन छह अभ्यर्थियों की जमानत मंजूर कर दी लेकिन उन्होंने लिखकर दे दिया कि वे रविवार को होने वाली परीक्षा नहीं देंगे। उन्होंने बेल बाउंड भी नहीं भरा। उन्होंने सरकार के सामने गिरफ्तार किए गए अन्य सात साथियों की रिहाई की शर्त रख दी।

विज्ञापन


रविवार को प्रदेश में पटवारी-लेखपाल भर्ती लिखित परीक्षा होनी है। परीक्षा से पहले शनिवार की सुबह बेरोजगार संघ और पीसीएस मुख्य परीक्षा अभ्यर्थी संघ के प्रतिनिधियों ने सीएम से मुलाकात की। उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने डीजीपी को गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों को पटवारी-लेखपाल भर्ती की परीक्षा की अनुमति देने के निर्देश दिए। कोर्ट में छह आरोपियों संदीप, अमित पंवार, मुकेश सिंह,अमन चौहान, शुभम नेगी और अनिल कुमार के प्रवेशपत्र भी प्रस्तुत किए गए।

इसके आधार पर कोर्ट ने इनकी जमानत मंजूर कर दी। सभी को 30-30 हजार रुपये के निजी मुचलके और दो-दो जमानती प्रस्तुत करने को कहा गया। कोर्ट ने जमानत पर कई शर्तें भी लगाईं लेकिन इन आरोपियों ने बेल बांड नहीं भरे। इस कारण रिहाई के ऑर्डर तैयार नहीं हुए। लिहाजा, इन्हें रिहा नहीं किया जा सका। डीजीपी पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के मुताबिक, छह अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल होने से इन्कार कर दिया है।

विज्ञापन

माहौल खराब कर सकते हैं बॉबी और अन्य: अभियोजन
कोर्ट में अभियोजन ने बॉबी पंवार समेत सात आरोपियों की जमानत अर्जी का मौखिक विरोध किया। कहा कि यदि इन लोगों को जमानत दी जाती है तो ये माहौल खराब कर सकते हैं। सातों आरोपी पटवारी-लेखपाल भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी नहीं हैं।

शहीद स्मारक पर धरना जारी, नहीं माने बेरोजगार
भर्ती परीक्षा की सीबीआई से जांच कराने और गिरफ्तार 13 आंदोलनकारी युवाओं की रिहाई की मांग को लेकर शहीद स्मारक पर बेरोजगारों का धरना शनिवार को भी जारी रहा। राज्य आंदोलनकारियों व अधिवक्ताओं के समझाने पर भी वे नहीं मानें। अब भी यहां करीब 30 से 35 युवा धरने पर बैठे हैं।
विज्ञापन

पटवारी लेखपाल भर्ती आज, 498 केंद्रों पर 1.58 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पटवारी लेखपाल भर्ती परीक्षा रविवार को होगी। इसके लिए परीक्षा में नकल व गड़बड़ी रोकने के लिए आयोग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रदेश भर में 498 केंद्रों पर 1.58 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पटवारी लेखपाल भर्ती का पेपर लीक होने के बाद लोक सेवा आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी थीं। अब दोबारा से भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। लेकिन इस बार आयोग ने परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर विशेष चेकिंग की जाएगी। उधर, परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थी केंद्रों के लिए शनिवार को रवाना हो गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें