पुलिस की गिरफ्त में कीड़ा जड़ी तस्करी का आरोपी।
झाझरा चौकी पुलिस ने आडवाणी पुल के पास चेकिंग के दौरान एक तस्कर को 406 ग्राम कीड़ा जड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उच्च हिमालय क्षेत्रों से कीड़ा जड़ी एकत्र कर मैदानी इलाकों में बेचने आया था। आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान झाझरा चौकी प्रभारी ओमवीर सिंह ने आडवाणी पुल के पास एयरफोर्स कॉलोनी रोड पर एक संदिग्ध को रोक लिया। आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से जड़ी बरामद हुई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसकी पहचान कीड़ा जड़ी के रुप में की है। चौकी प्रभारी ओमबीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति का नाम दान उदय प्रताप सिंह निवासी कैलाश विहार रायपुर (मूल निवासी कुलिंग, चमोली) बताया है। आरोपी ने बताया कि वह चमोली के हिम क्षेत्रों से कीड़ा जड़ी एकत्र कर लाया है। आरोपी को वन अधिनियम 1927 के तहत गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।