उत्तराखंड में सेना की भर्ती रैली चयनित युवाओं के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच के साथ संपन्न हो गई है। सात दिवसीय भर्ती रैली में 23 सौ युवाओं का चयन किया गया, जो अब लिखित परीक्षा में भाग लेंगे।
सोमवार को मेला मैदान में सेना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सभी चयनित युवाओं के शैक्षिक और अन्य प्रमाण पत्रों की जांच की। इस मौके भर्ती निदेशक कर्नल बीके बग्गल ने बताया कि 27 अप्रैल को होने वाली लिखित परीक्षा में 23 सौ युवाओं का चयन किया गया है।
44,245 युवाओं ने भाग लिया
उन्होंने बताया कि दस्तावेजी प्रक्रिया के साथ ही ओपन भर्ती संपन्न हो गई है। उन्होंने भर्ती के सफल आयोजन में तहसील प्रशासन सहित नगर पंचायत और अन्य विभागों से मिले सहयोग के प्रति आभार जताया।
गौरतलब है कि बीते 4 मार्च से गढ़वाल मंडल की जिलेवार भर्ती शुरू हुई थी।
सभी जनपदों के 44245 युवाओं ने भर्ती रैली में भाग लिया था। इस दौरान 2802 युवाओं ने दौड़ में सफलता प्राप्त करते हुए अन्य टेस्ट दिए। जबकि कुछ युवाओं को मेडिकल परीक्षण में कुछ कमी पर सेना के हायर सेंटर रेफर भी किया गया।
रैली ने दी व्यापार को नई दिशा
सेना की सात दिवसीय भर्ती ने गौचर में आपदा के बाद से ठप पड़े व्यापार को भी नई दिशा दी। व्यापार संघ के अध्यक्ष सुनील पंवार ने बताया कि बाजार के विभिन्न वर्ग के व्यवसाय को 6 से 10 प्रतिशत का लाभ मिला।
राशन सहित सूखी खाद्यान्न सामग्री की बिक्री में जहां अन्य दिनों की अपेक्षा भर्ती दिनों में 6 प्रतिशत की वृद्वि रही।
वहीं होटलों में 10 प्रतिशत ग्राहक अधिक पहुंचे। फलों और अन्य वस्तुओं की ब्रिकी भी में इसी तरह का इजाफा हुआ। पंवार ने बताया कि बीते वर्ष आपदा के कारण मेला नहीं होने से व्यवसाय को जो हानि हुई थी, उसकी भरपाई सेना की भर्ती से हुई है।
सेना की भर्ती शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुई है। सभी लोगों का बेहतर सहयोग प्राप्त हुआ। मेला मैदान को एक स्टेडियम के रूप में तैयार करने के लिए नगर पंचायत की ओर से शासन को जल्द एक प्रस्ताव भी भेजा रहा है, जिससे भविष्य में यहां विभिन्न खेल और सेना भर्ती के आयोजन और भी बेहतर तरीके से हो सके।
मुकेश नेगी, अध्यक्ष नगर पंचायत गौचर